सितारगंज। सितारगंज की एक युवती ने जमानत पर रिहा युवक पर उसे सोशल मीडिया पर बदनाम करने, निगरानी रखने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। वहीं, मामले में पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
वार्ड नंबर 12, सितारगंज निवासी युवती ने बताया कि साल 2025 में उसका रिश्ता बरेली निवासी सैफी से तय हुआ था, जो बाद में किसी कारणवश टूट गया।
आरोप लगाया कि इसके बाद से वह लगातार उसका पीछा कर रहा है। पड़ोसियों की मदद से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहा है। जान से मारने की धमकी दे रहा है। यहां तक कि उसके नाम से फर्जी आईडी बनाकर सोशल मीडिया पर उसे बदनाम करने का प्रयास कर रहा है।
युवती ने बताया कि कुछ दिन पहले आरोपी चाकू लेकर बाजार में उसका पीछा कर रहा था। पुलिस ने उसे चाकू सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
आरोप लगाया कि जमानत पर रिहा होने के बाद भी वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। वह फोन कर उसके परिजनों को परेशान कर रहा है और उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है। जिससे वह मानसिक तनाव में है और परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।
सीओ बीएस धौनी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।