रुद्रपुर। रिंग रोड स्थित पारले चौराहा, काशीपुर रोड पर सोमवार देर शाम सड़क किनारे दंपती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों के सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। प्रथम दृष्टया पुलिस तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा होने की आशंका जता रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवा दिया था और मंगलवार को दोनों का पोस्टमार्टम कराया गया।
मृतकों की पहचान धर्मपुर निवासी संतोष यादव (48) और उनकी पत्नी सुनीता यादव (40) के रूप में हुई है। मूलरूप से दोनों गोरखपुर-कुशीनगर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। संतोष यादव सिडकुल स्थित नेस्ले कंपनी के प्रोडक्शन विभाग में कार्यरत थे। दंपती के 13 वर्षीय पुत्र और 17 वर्षीय पुत्री हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
खाना खाने के बाद टहलने निकले थे दंपती
बताया जा रहा है कि सोमवार शाम दोनों पति-पत्नी खाना खाने के बाद टहलने के लिए घर से निकले थे। दोनों दानपुर से धर्मपुर की ओर जा रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार, उन्हें आखिरी बार रिंग रोड स्थित पारले चौराहा, काशीपुर रोड के पास टहलते हुए देखा गया था। रात करीब साढ़े आठ बजे एक ग्रामीण ने दोनों को सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा देखा। उनके सिर पर गंभीर चोटें थीं।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।
घटनास्थल पर मिले वाहन के टूटे पार्ट्स
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आशंका है कि टहलने के दौरान किसी अज्ञात वाहन ने दोनों को टक्कर मारी होगी। घटनास्थल के आसपास वाहन के कुछ टूटे हुए पार्ट्स भी मिले हैं, जिससे अज्ञात वाहन की टक्कर की आशंका को बल मिला है। हालांकि, अभी तक वाहन और हादसे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना को लेकर दंपती की हत्या किए जाने की आशंका की चर्चा भी सामने आई है, लेकिन पुलिस ने फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज से अज्ञात वाहन की तलाश
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय सड़क से कौन-कौन से वाहन गुजरे थे और उनमें से किसी वाहन की घटना में भूमिका थी या नहीं। इसके अलावा दंपती के घर से निकलने के बाद उनके आवागमन और घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
रुद्रपुर कोतवाली के एसएसआई खुशवंत सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और परिजनों से संपर्क किया गया है। मौत के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस सड़क हादसे के एंगल से जांच करते हुए अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद ही दंपती की मौत की वास्तविक परिस्थितियां और कारण स्पष्ट हो सकेंगे।