सितारगंज। कांवड़ यात्रा और स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सितारगंज पुलिस ने यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर सघन चेकिंग अभियान तेज कर दिया है।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर आठ अगस्त से शुरू हुए एक सप्ताह के अभियान के तहत पुलिस ने विभिन्न मार्गों और थाना क्षेत्र में वाहनों की सघन जांच की। पिछले दिनों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब 240 वाहनों के चालान किया गया, जबकि गंभीर उल्लंघन करने वाले 13 वाहनों को सीज किर दिया।

मंगलवार को प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने कांवड़ ड्यूटी के साथ-साथ प्रमुख मार्गों पर वाहन चेकिंग की। चेकिंग के दौरान शराब के नशे में टेंपो चलाते पाए जाने पर एक टेंपो सीज किया गया। वहीं, नाबालिगों के वाहन चलाने के मामलों में एक बोलेरो और तीन बाइक समेत चार वाहन सीज किया गया। रैश ड्राइविंग और तेज गति से खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की। ऐसे मामलों में सात बाइकें सीज की गईं।


इसके अलावा रेट्रो साइलेंसर लगाकर पटाखे जैसी तेज आवाज करने वाली एक बाइक को भी पुलिस ने सीज किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा और स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi