नई दिल्ली। भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु, जो राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) की आधिकारिक विजिटर हैं, 31 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में आयोजित निफ्ट संयुक्त दीक्षांत समारोह 2026 में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। इस अवसर पर देशभर के 18 निफ्ट परिसरों से उत्‍तीर्ण विद्यार्थी एक साथ एकत्रित होकर अपनी डिग्रियां प्राप्‍त होने का उत्सव मनाएंगे तथा संस्थान में अपनी शैक्षणिक यात्रा के समापन को चिह्नित करेंगे। इस अवसर पर उत्‍तीर्ण विद्यार्थियों की शैक्षणिक उत्कृष्टता, सृजनात्मकता, समर्पण और उपलब्धियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह भी अन्य विशिष्ट गणमान्य व्यक्तियों, शासी मंडल के सदस्यों, वरिष्ठ अधिकारियों, संकाय सदस्यों, विद्वानों और उत्‍तीर्ण विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहेंगे।

दीक्षांत समारोह में निफ्ट के उत्‍तीर्ण छात्रों की उपलब्धियों का उत्सव मनाया जाएगा तथा संस्थान में अपने अध्ययन के वर्षों के दौरान उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता, सृजनात्मकता, समर्पण और योगदान को मान्यता दी जाएगी। इस समारोह में विभिन्‍न परिसरों के प्रत्येक पाठ्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उन विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा, जिनका सीजीपीए सर्वाधिक होगा।

संयुक्त दीक्षांत समारोह के बाद परिसर-वार डिग्री वितरण समारोह आयोजित किए जाएंगे, जिनमें उत्‍तीर्ण विद्यार्थियों को औपचारिक रूप से उनकी डिग्रियां प्रदान की जाएंगी और शैक्षणिक जीवन से पेशेवर जीवन की ओर उनके सफर की शुरुआत को चिह्नित किया जाएगा।

भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अधीन वर्ष 1986 में स्थापित राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) एक सांविधिक संस्थान है, जिसका संचालन निफ्ट अधिनियम, 2006 के तहत किया जाता है। वर्षों के दौरान यह संस्थान फैशन शिक्षा के एक अग्रणी संस्थान के रूप में उभरा है, जो पारंपरिक कला एवं शिल्प, शैक्षणिक ज्ञान, डिजाइन नवाचार, प्रौद्योगिकी, सृजनात्मक सोच और उद्योग के साथ सहभागिता को एक साथ जोड़ता है।

देशभर में 20 पेशेवर ढंग से प्रबंधित परिसरों के साथ, निफ्ट एक समावेशी और गतिशील शिक्षण वातावरण को बढ़ावा देना जारी रखे हुए है और युवा प्रतिभाओं को ज्ञान, कौशल और सृजनात्मक क्षमताओं से सुसज्जित करता है, जिससे वे भारत के फैशन और सृजनात्मक उद्योगों में योगदान दे सकें।

संयुक्त दीक्षांत समारोह 2026 ऐसे विद्यार्थियों की पीढ़ी के उत्सव का अवसर होगा, जिन्होंने विचारों को संभावनाओं और सृजनात्मकता को प्रभाव में बदलना सीखा है। संस्थान से आगे बढ़ते हुए ये उत्‍तीर्ण विद्यार्थी अपने साथ नए आख्यान गढ़ने, सार्थक समाधान सृजित करने और भारत के निरंतर विकसित हो रहे सृजनात्मक परिदृश्य में योगदान देने का आत्मविश्वास लेकर जाएंगे। निफ्ट में उनकी यात्रा का औपचारिक समापन भले ही हो रहा हो, लेकिन उनकी कल्पनाशीलता, नवाचार और उत्कृष्टता की यात्रा अभी शुरू हो रही है।

यह अवसर उपलब्धियों के उत्सव के साथ-साथ भविष्य के लिए एक नए मंच की स्‍थापना भी होगा—उत्‍तीर्ण विद्यार्थियों की उपलब्धियों का सम्मान करते हुए और इस बात पर दृष्टि डालते हुए कि वे नए भारत के फैशन, डिजाइन और सृजनात्मक पारितंत्र को आकार देने में किस प्रकार की भूमिका निभाएंगे। उनकी प्रतिभा, उद्यमशीलता और दूरदृष्टि में अधिक सृजनात्मक, नवोन्मेषी और वैश्विक रूप से जुड़े विकसित भारत की आशा निहित है।

निफ्ट की सृजनात्मकता और उत्कृष्टता की भावना से प्रेरित, उत्‍तीर्ण छात्रों का यह बैच भारत के फैशन और सृजनात्मक क्षेत्रों में नए आख्यान गढ़ने के लिए तैयार है। संस्थान में उनकी यात्रा समाप्त हो रही है, लेकिन नवाचार और प्रभाव की उनकी यात्रा अब शुरू हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi