लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अचानक बदले मौसम के मिजाज और तेज आंधी, बारिश व आकाशीय बिजली के कारण कई जिलों में भारी नुकसान हुआ है। मौसम के इस अचानक आए यू-टर्न और उससे मची तबाही का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने राज्य के प्रशासनिक अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी करते हुए तुरंत जमीन पर उतरकर राहत कार्य संचालित करने के आदेश दिए हैं।
फील्ड में उतरकर नुकसान का आकलन करें अधिकारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों (DM) और संबंधित विभागों के अफसरों को निर्देशित किया है कि वे तुरंत अपने-अपने क्षेत्रों में फील्ड में निकलें। उन्होंने कहा कि आंधी-तूफान, बारिश और बिजली गिरने से हुए जान-माल, फसलों और मकानों के नुकसान का तत्काल और सटीक आकलन किया जाए। इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
24 घंटे के भीतर प्रभावित परिवारों को मिले राहत राशि
राहत कार्यों की समीक्षा करते हुए सीएम योगी ने साफ शब्दों में कहा है कि आपदा से प्रभावित परिवारों को मदद पहुंचाने में कोई देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आपदा राहत कोष से प्रभावित और पीड़ित परिवारों को आगामी 24 घंटे के भीतर अनुमानित वित्तीय सहायता और मुआवजा राशि सीधे उनके खातों में ट्रांसफर करने या वितरित करने के सख्त निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों के मुफ्त और समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।