रामनगर। भारतीय पूर्व सैनिक लीग उत्तराखंड के अध्यक्ष मेजर जनरल एमएल असवाल का बुधवार को रामनगर पहुंचने पर लखनपुर स्थित सैनिक विश्राम गृह में भव्य स्वागत किया गया। पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, सैनिक आश्रितों और एनसीसी कैडेट्स ने उनका जोशीला स्वागत किया।

मेजर जनरल असवाल ने कहा कि उत्तराखंड के सभी पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। गांव, नगर, जिला से लेकर राज्य स्तर तक उचित और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने रामनगर क्षेत्र के कैप्टन हरेन्द्र बिष्ट, सूबेदार मेजर एनडब्लूएम खान, कंपनी हवलदार मेजर मंगल सिंह और हवलदार गजेन्द्र चौहान द्वारा छात्रों को नि:शुल्क सेना भर्ती, फुटबॉल व एथलेटिक्स प्रशिक्षण देने के योगदान की सराहना की। उन्होंने पूर्व सैनिकों से इनकी तरह नि:स्वार्थ समाज सेवा में आगे बढ़ने की अपील की ताकि समाज में उनकी छवि सम्मानजनक बनी रहे।

उन्होंने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी हल्द्वानी की प्रशंसा की। जनरल असवाल ने बताया कि पिछले एक वर्ष में उत्तराखंड के 27 पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और अधिकारियों को थलसेनाध्यक्ष, राज्यपाल तथा जीओसी-इन-चीफ द्वारा प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया है।

समारोह को लेफ्टिनेंट कर्नल बीएस रौतेला, सूबेदार मेजर एस कार्की और सूबेदार मेजर नवीन पोखरियाल ने भी संबोधित किया। बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *