पीलीभीत। माधोटांडा थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग की संयुक्त टीम पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद आबकारी अधिकारियों ने कई लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
आबकारी विभाग के अनुसार, कलीनगर और अमरिया क्षेत्र की संयुक्त टीम मुखबिर की सूचना पर महाराजपुर गांव स्थित राजकीय चिकित्सालय के सामने एक परचून की दुकान पर पहुंची। तलाशी के दौरान दुकान में रखे फ्रीज से बिक्री के लिए रखी गई 12 केन बीयर बरामद की गई।

आरोप है कि कार्रवाई के दौरान दुकान संचालक और उसके परिजनों ने आबकारी टीम के साथ अभद्रता, धक्का-मुक्की और हाथापाई की। इस दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए वर्दी फाड़ने और विभागीय दस्तावेज छीनकर नष्ट करने का भी आरोप लगाया गया है। आबकारी विभाग का यह भी कहना है कि एक आरोपी ने लकड़ी के बल्ले से टीम पर हमला करने का प्रयास किया, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने रोक दिया।

विभाग ने बताया कि पूरी घटना की वीडियोग्राफी की गई है। साथ ही दुकान के बाहर से बड़ी संख्या में खाली बीयर केन और देशी शराब के खाली पाउच भी बरामद किए गए हैं, जिनके आधार पर अवैध शराब बिक्री की जांच की जा रही है।
प्रधान आबकारी आरक्षी दीपक कुमार ने थाना माधोटांडा में तहरीर देकर संबंधित आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, हमला और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।