सितारगंज। इंस्टाग्राम पर एक महिला शिक्षिका की फोटो पर अश्लील और अभद्र टिप्पणियां किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर साइबर पुलिस ने 13 अज्ञात इंस्टाग्राम अकाउंट संचालकों के खिलाफ आईटी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सितारगंज निवासी एक महिला जो गुरु नानक इंटर कॉलेज नानकमत्ता में शिक्षिका हैं, ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कुमाऊं परिक्षेत्र में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी इंस्टाग्राम आईडी पर वर्ष 2025 में पोस्ट की गई एक तस्वीर पर कुछ अज्ञात यूजर्स ने अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। 11 मई 2026 को दोस्तों और परिजनों से जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अपनी प्रोफाइल की जांच की, जिसमें 5 मई 2026 को की गई अभद्र टिप्पणियां सामने आईं।

पीड़िता ने आपत्तिजनक टिप्पणियों के स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर पुलिस को साक्ष्य के रूप में उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने 13 इंस्टाग्राम अकाउंट्स का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि इन आईडी के माध्यम से अशोभनीय और यौन उत्पीड़न से संबंधित सामग्री का प्रसार किया गया, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा और मानसिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।

साइबर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 13 अज्ञात इंस्टाग्राम यूजर्स के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस संबंधित अकाउंट्स की पहचान कर मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *