पीलीभीत। विकासखंड मरौरी कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों एवं सम्मानित नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और विकास संबंधी मांगों को क्षेत्र पंचायत प्रशासक सभ्यता देवी वर्मा के समक्ष रखा। क्षेत्रवासियों ने मुख्य रूप से पेयजल किल्लत, जर्जर सड़कों, नालियों के निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था व विधवा पेंशन, राशन कार्ड जारी कराने, मनरेगा मजदूरी और विद्युत आपूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
जनसमस्याओं को अत्यंत गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए क्षेत्र पंचायत प्रशासक ने मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं के लाभ से वंचित न रहना पड़े।
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत प्रशासक सभ्यता देवी वर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र पर निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच समाज के अंतिम व्यक्ति तक बनाना ही जनप्रतिनिधियों का मुख्य ध्येय और नैतिक दायित्व है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि मरौरी ब्लॉक के समग्र विकास और जनता की हर छोटी-बड़ी समस्या के स्थायी समाधान के लिए वह सदैव तत्पर और उपलब्ध हैं। ब्लॉक प्रशासक की इस त्वरित और जनहितैषी पहल से संतुष्ट होकर ब्लॉक कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।