​पीलीभीत। माधोटांडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम भैरव कला में एक मजदूर द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के रहने वाले बुद्धसेन का 30 वर्षीय पुत्र सूरजपाल पेशे से मजदूर था। परिजनों के मुताबिक, बुधवार की रात करीब 9 बजे सूरजपाल अत्यधिक शराब के नशे की हालत में घर से निकला था। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटा, तो चिंतित परिजनों ने रात में ही उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चल सका।
​गुरुवार की सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने घर से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित एक शहतूत के पेड़ पर सूरजपाल का शव लटकते हुए देखा। उसने अपनी मां की धोती के सहारे फांसी का फंदा बनाकर सुसाइड कर लिया था। युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाए जाने के पीछे के सटीक कारणों की स्पष्ट जानकारी परिजन नहीं दे पा रहे हैं, हालांकि उन्होंने बताया कि सूरजपाल अत्यधिक शराब पीने का आदी था। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
​परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूटने जैसी बात यह है कि मृतक सूरजपाल चार भाइयों में तीसरे नंबर का था, और महज तीन महीने पहले ही उसके सबसे छोटे भाई श्रीराम की भी अत्यधिक शराब पीने के कारण मौत हो गई थी। एक ही घर में कम समय के भीतर दो सगे भाइयों की मौत से परिवार पूरी तरह टूट चुका है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। माधोटांडा थानाध्यक्ष अशोक पाल ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर जाकर शव को फंदे से नीचे उतारा और शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। थानाध्यक्ष के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा, फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi