पीलीभीत। भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश (पीलीभीत) द्वारा मंगलवार को स्काउट भवन पीलीभीत गेट पर एक दिवसीय जल सेवा (मीठा जल) शिविर का आयोजन किया गया। इस सेवा शिविर का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि सिटी मजिस्ट्रेट एवं मुख्यायुक्त विजय वर्धन तोमर द्वारा मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित व माल्यार्पण कर किया गया। उद्घाटन के उपरांत सिटी मजिस्ट्रेट ने स्वयं राहगीरों को मीठा जल पिलाकर इस पुनीत कार्य की शुरुआत की और उपस्थित समस्त स्काउट-गाइड्स को नि:स्वार्थ भाव से समाज सेवा करने के लिए प्रेरित किया। भीषण गर्मी और तपिश के बीच इस पहल से राहगीरों और जरूरतमंदों को बड़ी राहत मिली।

यह सेवा शिविर जिला संगठन आयुक्त (गाइड) शालिनी पांडे के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत जनपद की समस्त तहसीलों में भी ऐसे सेवा शिविरों का संचालन किया जा रहा है। पीलीभीत के इस मुख्य शिविर को सफल बनाने में शिविर प्रभारी व आईटी कोऑर्डिनेटर अभिषेक प्रजापति तथा जिला स्काउट मास्टर (बेसिक) वीर सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस सेवा सत्र के दौरान संस्था की उपाध्यक्ष सुरभि सक्सेना, आजीवन सदस्य जगदीश सक्सेना, अंशुमन तिवारी, अनीता मिश्रा और पूर्व जिला स्काउट मास्टर श्रीगोपाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही अजय पाल शर्मा, शिखा, मोहिनी, मुस्कान, अनुष्का, कुमकुम, किरन, नीतू, अरुण, अंकित और कुशाग्र सहित बड़ी संख्या में स्काउट-गाइड्स ने अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराते हुए राहगीरों को जल सेवा प्रदान की।