​पीलीभीत। अखिल भारत हिंदू महासभा ने मंगलवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपकर केजीएन कॉलोनी स्थित एक राजनीतिक दल के कार्यालय में खुले में पशु वध किए जाने के वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जिलाध्यक्ष पं. पंकज शर्मा की अध्यक्षता में सौंपे गए इस ज्ञापन में संगठन ने कहा कि सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे इस वीडियो से जनभावनाएं आहत हुई हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और क्षेत्रवासियों के बीच भारी असंतोष, रोष और चिंता का माहौल बना हुआ है।
​ज्ञापन के अनुसार, वायरल वीडियो में बकरीद के अवसर पर राजनीतिक कार्यालय परिसर के सार्वजनिक स्थान पर पशु वध किए जाने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। संगठन ने तर्क दिया कि यह कार्यालय एक ऐसा सार्वजनिक महत्व का स्थान है जहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचते हैं, और ऐसे परिसर में इस तरह की घटना का व्यापक सामाजिक व मनोवैज्ञानिक प्रभाव पड़ सकता है। इसके अलावा, कार्यालय के अत्यंत निकट एक मंदिर स्थित होने के कारण क्षेत्र की धार्मिक संवेदनशीलता और अधिक बढ़ जाती है। हिंदू महासभा ने प्रशासन से वीडियो की सत्यता, घटना के सटीक स्थान, समय और परिस्थितियों की तत्काल स्वतंत्र जांच कराने का अनुरोध किया है ताकि वास्तविक तथ्य जनता के सामने आ सकें और किसी भी तरह के सामाजिक तनाव को रोका जा सके।
​इसके साथ ही, संगठन ने केवल वीडियो की जांच तक सीमित न रहकर संबंधित कार्यालय से जुड़े कुछ व्यक्तियों पर पूर्व में लगे विभिन्न आरोपों की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध भूमि विवाद, नजूल भूमि, शत्रु संपत्ति पर कथित अवैध कब्जे, प्लॉटिंग, अवैध बिक्री और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने जैसे मामलों को लेकर समय-समय पर शिकायतें सामने आती रही हैं। हिंदू महासभा ने जोर देकर कहा कि कानून सभी के लिए समान है और यदि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता या कानून का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधितों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए।
​संगठन ने जनपद में शांति, सामाजिक सौहार्द और धार्मिक भावनाओं के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा की है। साथ ही मांग की है कि भविष्य में किसी भी सार्वजनिक स्थल पर ऐसी विवादित परिस्थितियां उत्पन्न न हों, इसके लिए प्रभावी निगरानी और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव मिश्रा, जिलाध्यक्ष पं. पंकज शर्मा, जिला महामंत्री मयंक जायसवाल, युवा जिलाध्यक्ष गौरव शर्मा, नगर अध्यक्ष सुनील कश्यप, महिला महामंत्री कविता वंशवाल सहित जितेंद्र मौर्य, अमन संजोग, नरेंद्र श्रीवास्तव, अंकुर सिंह भदौरिया, राहुल राठौर और बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi