​पीलीभीत। गायत्री परिवार पीलीभीत के तत्वावधान में आयोजित वर्ष 2025-26 की ‘भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा’ के परिणाम घोषित होने के बाद जनपद के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में हैप्पी ब्लू वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, हेमूपुरा (विकासखंड बिलसंडा) के कक्षा 7 के छात्र सक्षम तिवारी ने पूरे जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान मेधावी बच्चों को प्रमाण पत्र, ट्रॉफी और युग ऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा लिखित सत्साहित्य भेंट कर उनका मनोबल बढ़ाया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बच्चों को मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें निरंतर कड़ी मेहनत करने की प्रेरणा दी।
​इस वर्ष की परीक्षा में जनपद के कुल 53 विद्यालयों के 3757 छात्र-छात्राओं ने नामांकन कराया था, जिनमें से 3324 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। विद्यालय स्तर पर भागीदारी की बात करें तो बेन हर पब्लिक स्कूल, पीलीभीत 364 छात्र-छात्राओं की उपस्थिति के साथ प्रथम स्थान पर रहा। वहीं, अंगूरी देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, पीलीभीत के 227 छात्रों ने भाग लेकर द्वितीय और एसआरएम इंटर कॉलेज, बीसलपुर के 122 छात्रों ने सम्मिलित होकर तृतीय स्थान प्राप्त किया। मेधा सूची (मेरिट) के अनुसार, सक्षम तिवारी के बाद द्वितीय स्थान पर केकेएस विद्या मंदिर बीसलपुर के छात्र अंश गंगवार (कक्षा 8) और तृतीय स्थान पर आर्य कन्या इंटर कॉलेज पीलीभीत की छात्रा कुमारी पलक कोरंगा (कक्षा 8) रहीं।


​सम्मान समारोह के दौरान जिलाधिकारी ने अन्य श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों आदित्य (कक्षा 7) और कुमारी आन्या वर्मा (कक्षा 7) को भी पुरस्कृत किया। शिक्षा के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए हैप्पी ब्लू वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर डॉ. गौरव शुक्ला को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अखिल विश्व गायत्री परिवार पीलीभीत के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी पी.एल. गंगवार, महेश चंद्र शर्मा (एडवोकेट), ट्रस्टी सर्वेश पाल सिंह चौहान, विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. गौरव शुक्ला और कोआर्डिनेटर वैभव अवस्थी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने बच्चों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए भारतीय संस्कृति के मूल्यों को जीवन में उतारने पर बल दिया।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *