जींद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन से सोनीपत के बीच चलने वाली भारत की पहली हाइड्रोजन-चालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल परिवहन की दिशा में देश का एक बड़ा कदम मानी जा रही है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने हरियाणा को 12,470 करोड़ रुपये से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की सौगात भी दी।

प्रधानमंत्री ने 157 किलोमीटर लंबे दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के एक महत्वपूर्ण हिस्से को राष्ट्र को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से दिल्ली से कटरा की यात्रा का समय लगभग 14 घंटे से घटकर 6 घंटे और दिल्ली से अमृतसर की यात्रा 8 घंटे से घटकर 4 घंटे रह जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारतीय रेलवे ने अभूतपूर्व बदलाव देखे हैं और हरियाणा विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के संचालन से जींद को भारत के रेलवे इतिहास में विशेष स्थान मिला है। उन्होंने बताया कि यह ट्रेन जींद-सोनीपत के लगभग 89 किलोमीटर लंबे रेलखंड पर चलेगी। इसकी परिचालन गति 75 किलोमीटर प्रति घंटा और डिज़ाइन गति 110 किलोमीटर प्रति घंटा है। करीब 3,200 हॉर्सपावर क्षमता वाली यह ट्रेन दुनिया की सबसे शक्तिशाली और लंबी हाइड्रोजन ट्रेनों में से एक मानी जा रही है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसे भारत की तकनीकी क्षमता और स्वदेशी इंजीनियरिंग की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से विकसित की गई है और इसमें डीजल या पेट्रोल की आवश्यकता नहीं होती। उन्होंने बताया कि हरियाणा में रेलवे बजट पहले के 315 करोड़ रुपये से बढ़कर अब लगभग 350 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि राज्य में 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर कार्य जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi