पुरोला। बनाल पट्टी के सुप्रसिद्ध भादों की थोलू पर्व के अवसर पर राजा रघुनाथ मंदिर गैर में युवा संगठन बनाल की ओर से इस वर्ष भी सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम में पारंपरिक लोक संस्कृति के साथ आधुनिक लोक संगीत का अनूठा संगम देखने को मिला।

सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध नाटी कलाकार विक्की चौहान, नरेश बादशाह और सुनील बेसारी समेत स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का खूब मनोरंजन किया। जैसे ही विक्की चौहान ने अपने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति शुरू की, कार्यक्रम स्थल तालियों और उत्साह से गूंज उठा। युवा और अन्य दर्शक उनके गीतों पर जमकर झूमते नजर आए।

भादों की थोलू के पारंपरिक पर्व पर बनाल पट्टी के साथ ही पुरोला और यमुना घाटी के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवा कार्यक्रम में पहुंचे। लोगों ने राजा रघुनाथ जी महाराज के मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया और इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद उठाया।

कार्यक्रम के दौरान विक्की चौहान समेत अन्य कलाकारों की प्रस्तुतियों पर देर रात तक दर्शक नृत्य करते रहे। इससे कार्यक्रम स्थल पर उत्सव और उल्लास का माहौल बना रहा। पारंपरिक पर्व के बीच लोकगीतों और आधुनिक लोक संगीत की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को खास बना दिया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजक युवा संगठन के अध्यक्ष निरीश नौटियाल ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम स्थानीय परंपराओं और लोक संस्कृति को नई पीढ़ी से जोड़ने का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक आयोजनों के जरिए क्षेत्र की समृद्ध लोक परंपराओं को आगे बढ़ाने और युवाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ने में मदद मिलती है।

कार्यक्रम में राजा रघुनाथ मंदिर समिति के पुजारी, माली और सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस प्रशासन भी तैनात रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi