​पीलीभीत। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) जनपद पीलीभीत के तत्वावधान में मंडी समिति स्थित किसान भवन में एक विशाल पंचायत का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में किसान मसीहा स्वर्गीय चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की 15वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष (पश्चिमी उत्तर प्रदेश) यशपाल सिंह उर्फ चिंटू ठाकुर और वरिष्ठ मंडल उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान रहे। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने चौधरी टिकैत के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें नमन किया। पंचायत का संचालन जिला महामंत्री नेमचंद वर्मा ने किया।
​पंचायत को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत ने अपना संपूर्ण जीवन किसानों के हक की लड़ाई के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने किसानों को अपने अधिकारों के लिए लड़ने का मार्ग दिखाया और बड़े आंदोलनों के जरिए केंद्र व प्रदेश सरकारों को झुकने पर मजबूर कर दिया। मुख्य अतिथि यशपाल सिंह उर्फ चिंटू ठाकुर ने कहा कि बाबा टिकैत किसानों के लिए निरंतर संघर्षरत रहे और जेल की यातनाएं सहने के बावजूद अंतिम सांस तक किसानों की आवाज बुलंद करते रहे। उनके हुक्के की गुड़गुड़ाहट से सत्ता के गलियारे हिल जाते थे। वरिष्ठ मंडल उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने चौधरी साहब की सादगी का जिक्र करते हुए उनके द्वारा किए गए ऐतिहासिक आंदोलनों जैसे करमू खेड़ी, भोपा और नईमा कांड को याद किया, जिन्होंने किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान कराया।
​इस अवसर पर जिला मीडिया प्रभारी गुरजीत सिंह विर्क, जिला उपाध्यक्ष दिलशाद, रिहान अंसारी, अकरम, निर्मल भोजवाल, अशरफ अली, सोनू शाह, देवेंद्र सिंह, इजहार, नगर अध्यक्ष पूरनलाल, तोताराम, सखावत हुसैन, मुन्ना भाई, तिलक राम, अजीम, फिरोज, नदीम, तौफीक, किशन लाल, मैंकू लाल, दिलशाद रजा, सुरेश चंद, नंदराम, अशोक कुमार सहित महिला कार्यकर्ता फूलमती, सुनीता देवी, कमला देवी, शांति देवी, तारा देवी, चंद्रकली आदि भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *