पीलीभीत। श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल, पीलीभीत के तत्वाधान में नगर में भगवान श्री जगन्नाथ जी की भव्य रथ यात्रा पूरी श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। इस पावन अवसर पर नगर के श्री गौर धाम मंदिर से यात्रा का विधि-विधान से शुभारंभ हुआ। फूलों और आकर्षक विद्युत झालरों से सुशोभित सुंदर रथ पर भगवान श्री जगन्नाथ, उनके बड़े भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा जी को विराजमान किया गया था, जिनके दर्शनों के लिए मार्ग में भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा।

यह भव्य रथ यात्रा गौरधाम मंदिर से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों, जिनमें जमनी चौराहा, लाल रोड, चौक बाजार, इमली चौराहा और साहूकारा शामिल रहे, से होते हुए वापस गौरधाम मंदिर पर पहुंचकर विश्राम हुई। यात्रा के दौरान श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल के श्रद्धालु भजनों की धुन पर झूमते और सुंदर संकीर्तन करते हुए चल रहे थे। “हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे, हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे” के महामंत्र की ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय और गुंजायमान हो उठा। भक्तगण जगन्नाथ भगवान की स्तुति करते हुए “जय जगन्नाथ जय बलभद्र जय सुभद्रा, नीलांचल वाले तू ना संभाले तो हमें कौन संभाले” का सामूहिक गान कर रहे थे और भगवान से सभी के कल्याण की प्रार्थना की।

नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह पर स्थानीय निवासियों और व्यापारियों द्वारा रथ यात्रा का पुष्प वर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया गया। इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में मंडल के प्रमुख सेवादारों अवधेश अग्रवाल, प्रमोद पंत, अतुल अग्रवाल, दीपक गोयल, जयसिंह, शिवम अग्रवाल, पदम अग्रवाल, गोविंद अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, शिवम सैनी, अजय पांडे, ओम वर्मा और कमल यादव का विशेष सहयोग रहा। इसके साथ ही शिवम अग्रवाल, नीरज रस्तोगी, अर्पित शुक्ला, राजीव अग्रवाल, कपिल अग्रवाल, अंशुल गौड़, अजित सिंह तथा आनंद स्वरूप सहित भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित रहकर पुण्य लाभ कमाया।