पीलीभीत। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं को शुचितापूर्ण और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज और पी.एम.श्री. ड्रमण्ड राजकीय इंटर कॉलेज पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं और तकनीकी इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से केंद्रों के सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम और स्ट्रॉन्ग रूम की जांच की। आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों की सीलिंग प्रक्रिया और स्ट्रॉन्ग रूम के लॉक रजिस्टर का अवलोकन करते हुए जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्ट्रॉन्ग रूम में केवल नामित स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और अतिरिक्त व्यवस्थापक को ही प्रवेश की अनुमति होगी। इसके अलावा, कमरे को खोलने और बंद करने का समय, प्रवेश करने वाले व्यक्तियों का विवरण और सुरक्षाकर्मियों के हस्ताक्षर लॉगबुक में अनिवार्य रूप से दर्ज किए जाएं।

जिलाधिकारी ने चेताया कि इस संवेदनशील कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके पश्चात अधिकारियों ने जिला स्तर पर स्थापित मुख्य कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया, जहाँ से जिले के सभी विद्यालयों की लाइव निगरानी की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सीसीटीवी कैमरे निरंतर कार्यशील रहें ताकि पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित हो सके। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक राजीव कुमार और पी.एम.श्री. ड्रमण्ड राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।