बेरीनाग। बेरीनाग कोतवाली की ओर से रविवार को शहीद स्मारक के पास थाना दिवस का आयोजन किया गया। प्रभारी कोतवाल हरीश कोंरगा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में व्यापारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, टैक्सी चालकों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। इस दौरान क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
थाना दिवस में स्थानीय लोगों ने बेरीनाग नगर क्षेत्र में तेज गति से वाहन चलाने वालों और नाबालिगों द्वारा बाइक चलाने के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। लोगों ने क्षेत्र में बढ़ रहे अवैध नशे के कारोबार पर भी प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की।
बैठक में बेरीनाग-उड़ियारी-चौकोड़ी-कोटमन्या मार्ग तथा उड़ियारी बैंड-थल मोटर मार्ग पर सड़क किनारे उगी झाड़ियों का मुद्दा भी उठाया गया। ग्रामीणों ने कहा कि झाड़ियों के कारण सड़क पर दृश्यता प्रभावित होती है और आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने झाड़ियों की कटाई कराने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
प्रभारी कोतवाल हरीश कोंरगा ने लोगों से अपील की कि बिना सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को मकान किराये पर न दें। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। किसी भी आपात स्थिति या परेशानी में 112 तथा हाईवे पेट्रोलिंग नंबर पर सूचना देने की जानकारी भी दी गई।
पुलिस की ओर से लोगों को साइबर अपराध के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहने और किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने की अपील की।
इस अवसर पर व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश रावत, जिला उपाध्यक्ष कमलेश पंत, ग्राम प्रधान दीप पंत, प्रमोद धारियाल, चंद्र सिंह मेहरा, प्रमोद उप्रेती, भास्कर जोशी, हेड कांस्टेबल मोहन सिंह, अर्जुन सिंह और नीरज चंद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।