सितारगंज। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर श्री अजय गणपति के नेतृत्व में जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत सितारगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बिज्टी चौराहे के पास चेकिंग के दौरान तीन कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 18.57 ग्राम स्मैक (हेरोइन), 60 ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड एवं एसीटामिनोफेन टैबलेट, 16 एविल इंजेक्शन, तीन सिरिंज, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान बिज्टी चौराहे के पास मोटरसाइकिल पर तीन युवक संदिग्ध अवस्था में बैठे दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर तीनों ने मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से विभिन्न नशीले पदार्थ और अन्य सामग्री बरामद हुई।

बरामदगी में 18.57 ग्राम स्मैक, 60 ट्रामाडोल टैबलेट, 16 फेनिरामाइन मेलिएट (एविल) इंजेक्शन और तीन सिरिंज शामिल हैं। पुलिस ने नशीले पदार्थों के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल संख्या UK06AP6079 को भी कब्जे में लिया है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरजीत सिंह (30), निवासी ग्राम सैंजनी; अमनदीप सिंह (27), निवासी ग्राम दड़ा; और मो. हासिम (20), निवासी इस्लामनगर, थाना सितारगंज के रूप में की है।

पुलिस के मुताबिक बरामदगी के संबंध में तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली सितारगंज में धारा 8/21/22/60 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक, उपनिरीक्षक कैलाश देव, हेड कांस्टेबल मतलूब खान, हेड कांस्टेबल मनोज ग्वाल, कांस्टेबल अशोक बोरा और कांस्टेबल प्रेम कनवाल की टीम ने की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi