पीलीभीत। जनपद की 129 विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बूंदी भूड़ में शराब की दुकान के विरोध में प्रदर्शन कर रही महिलाओं और छात्राओं पर पुलिस लाठीचार्ज की घटना ने तूल पकड़ लिया है। समाजवादी पार्टी ने इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र की हत्या करार दिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने गांव का दौरा किया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका समर्थन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पर्याप्त महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद पुरुष सिपाहियों ने महिलाओं और बुजुर्गों पर बर्बरतापूर्वक लाठियां बरसाईं, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सपा ने प्रशासन द्वारा घायलों पर ही जवाबी मुकदमे दर्ज करने को लोकतांत्रिक अधिकारों का खुला उल्लंघन बताया है।
प्रतिनिधिमंडल के दौरे के दौरान सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि एक तरफ सरकार महिला सुरक्षा और सम्मान के खोखले दावे करती है, वहीं दूसरी तरफ अपनी जायज मांगों के लिए आवाज उठा रही बेटियों और महिलाओं पर लाठियां चलवा रही है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने तय समय सीमा के भीतर निर्दोष ग्रामीणों पर दर्ज झूठे मुकदमे वापस नहीं लिए और विवादित शराब की दुकान का लाइसेंस निरस्त कर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं की, तो समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक उग्र आंदोलन करेगी। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि शराब की दुकान को सत्ताधारी दल के नेताओं का संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते प्रशासन जनता की भावनाओं को कुचलकर जबरन दुकान खुलवाना चाहता है।

इस मौके पर सपा प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह यादव, यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोज यादव, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय सचिव अरशद दद्दा, युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजकुमार राजू और पूर्व ब्लॉक प्रमुख अजय भारती सहित भारी संख्या में पदाधिकारी शामिल रहे। सपा नेताओं ने एकजुट होकर मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच हो और गांव के सामाजिक वातावरण को बिगड़ने से बचाने के लिए जनता की इच्छा के अनुरूप शराब की भट्टी को वहां से तत्काल हटाया जाए। फिलहाल प्रशासनिक अधिकारियों ने निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन देकर समय मांगा है, लेकिन गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)