पीलीभीत। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील बीसलपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 70 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 10 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के लिए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे विभागीय स्तर पर गुणवत्तापरक ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करें और पोर्टल पर आख्या अपलोड करें। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि राजस्व संबंधी विवादों में जहाँ आवश्यकता हो, पुलिस को साथ लेकर मौके पर जाकर समाधान कराएं।
समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने दो मृतक खातेदारों की वरासत खतौनी उनके वारिसों को सौंपी और ग्रामीणों को घरौनी का वितरण भी किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव, उप जिलाधिकारी बीसलपुर, जिला विकास अधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

ग्राम फिरसा चुरहा में चौपाल का आयोजन
तहसील दिवस के उपरांत जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने विधायक बीसलपुर विवेक वर्मा के साथ ग्राम फिरसा चुरहा में जन चौपाल लगाई। चौपाल में ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और उनकी समस्याओं को सुना गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव में झोपड़ियों को चिन्हित कर पात्र व्यक्तियों को प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री आवास योजना से लाभान्वित किया जाए, ताकि जनपद को झोपड़ी मुक्त बनाया जा सके। उन्होंने जोर दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।