बीसलपुर (पीलीभीत)। बीसलपुर थाना क्षेत्र के मटैना गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब गांव के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति का जला हुआ शव पड़ा मिला। शव पूरी तरह झुलसी अवस्था में था और घटनास्थल पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार शव गांव के पास सड़क किनारे पुआल के ढेर के नजदीक पड़ा मिला। घटना की सूचना पीआरडी जवान वीरपाल ने पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि मटैना प्राथमिक विद्यालय के पास उनके भाई नेमचंद (53) का शव जली हुई हालत में पड़ा हुआ है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संजीव कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पाया गया कि मृतक का शरीर आग से बुरी तरह झुलस चुका था। शव के आसपास जले हुए पुआल और आग लगने के निशान भी मौजूद थे।
परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि मृतक नेमचंद शराब पीने का आदी था। परिजनों ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब तीन बजे वह शराब के नशे में घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। रविवार सुबह उसका शव गांव के पास पड़ा मिला।
थाना प्रभारी संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि मृतक ठंड से बचने के लिए पुआल के पास आग ताप रहा होगा, इसी दौरान आग की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने फील्ड यूनिट और एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।