पीलीभीत। जनपद में बाल कल्याण और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बुधवार को विकास खंड बरखेड़ा और अमरिया में ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी के आदेशानुसार आयोजित इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ने शिरकत की। इस दौरान ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के तहत उपस्थित जनसमूह को कुरीतियों के विरुद्ध शपथ दिलाई गई और समाज में बेटियों की सुरक्षा व शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

बैठक के दौरान संरक्षण अधिकारी ने समिति के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जनपद के जरूरतमंद बच्चों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना और स्पॉन्सरशिप योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसी कड़ी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरखेड़ा में ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत पांच नवजात बच्चियों को ‘हिमालय किट’ वितरित कर उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की गई।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कमलेश गंगवार ने महिलाओं और बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षा पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे बेटियां स्वावलंबी बनकर चुनौतियों का सामना कर सकती हैं। उन्होंने आह्वान किया कि महिलाएं स्वयं आगे आकर सरकारी योजनाओं की जानकारी रखें और उनका लाभ उठाएं। कार्यक्रम के अगले चरण में पी.एस. मॉडल स्कूल जंगरौली और उच्च प्राथमिक विद्यालय गाजीपुर मुगल में जागरूकता शिविर लगाए गए। इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग से संरक्षण अधिकारी मीनाक्षीपाठक, रमनदीप कौर, काउंसलर मनिस्ता, अभिषेक और प्रदीप मौर्य सहित स्कूल के शिक्षक व समिति के सदस्य उपस्थित रहे।