बाराबंकीः उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक शादी समारोह में उस समय हड़कंप मच गया जब विदाई की रस्मों के दौरान दूल्हे के ’किन्नर’ होने का खुलासा हुआ। यह सनसनीखेज घटना कोठी थाना क्षेत्र के एक गाँव की है।
नेग लेने पहुंचे किन्नरों ने पहचाना
जानकारी के अनुसार, रामसनेहीघाट क्षेत्र से एक युवक की बारात कोठी थाना क्षेत्र में आई थी। रात भर शादी की रस्में हंसी-खुशी संपन्न हुईं और सात फेरे भी हो गए। सुबह जब दुल्हन की विदाई की तैयारी चल रही थी, तभी इलाके के किन्नर बधाई और नेग लेने पहुँचे। दूल्हे को देखते ही किन्नर हैरान रह गए और उन्होंने उसे तुरंत पहचान लिया। किन्नरों ने दावा किया कि यह युवक पहले उन्हीं की टोली का हिस्सा था और उनके साथ ढोलक बजाता था।
पकड़े जाने के डर से दिया भारी नेग
सूत्रों के मुताबिक, जब दूल्हे और उसके परिजनों को लगा कि राज खुल सकता है, तो उन्होंने मामला दबाने के लिए किन्नरों को ₹23,000 का भारी-भरकम नेग देने की पेशकश की। सामान्य से बहुत अधिक रकम देखकर लड़की पक्ष को शक हो गया। जब परिजनों ने कड़ाई से पूछताछ की, तो दूल्हे ने खुद के ’किन्नर’ होने की बात स्वीकार कर ली।
मौके से भागे बाराती, दूल्हा बंधक
जैसे ही यह खबर फैली, शादी वाले घर में हंगामा शुरू हो गया। पोल खुलते ही दूल्हे के रिश्तेदार और बाराती दुल्हन को छोड़ मौके से फरार हो गए। हालांकि, लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे को मौके पर ही रोक लिया और उसे बंधक बना लिया।
खर्च वापसी के समझौते पर बनी बात
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय पंचायत सक्रिय हुई। काफी देर तक चली गहमागहमी के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ। दूल्हा पक्ष शादी में हुए पूरे खर्च की भरपाई करने के लिए तैयार हुआ, जिसके बाद ही बारातियों और दूल्हे को वापस जाने दिया गया। यह मामला अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi