पीलीभीत। जनपद में खेल प्रतिभाओं को निखारने और निशानेबाजी के प्रति युवाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आगामी 13, 14 और 15 मार्च 2026 को भव्य शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में गांधी सभागार में संपन्न हुई जिला राइफल क्लब की महत्वपूर्ण बैठक में यह निर्णय लिया गया। वर्ष 2023 के बाद आयोजित होने जा रही इस प्रतियोगिता को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

​नगर मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर ने बैठक में जानकारी देते हुए बताया कि इस बार प्रतियोगिता को व्यापक स्वरूप दिया गया है। इसमें .12 बोर, .22 बोर और .32 बोर के हथियारों के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं होंगी, जिनके अंतर्गत कुल 05-05 श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। प्रतिभागियों के लिए प्रवेश शुल्क 500 रुपये रखा गया है, जबकि महिलाओं और बच्चों को विशेष रियायत देते हुए मात्र 100 रुपये शुल्क तय किया गया है। साथ ही, राइफल क्लब की आजीवन सदस्यता के लिए 200 रुपये का शुल्क निर्धारित है।
​जिलाधिकारी ने आयोजन स्थल यानी पुलिस लाइन शूटिंग परिसर की सूरत बदलने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगरपालिका को परिसर की मुकम्मल सफाई और दीवारों पर व्हाइट वॉश कराने को कहा है। सुरक्षा के लिहाज से बैरिकेडिंग, पेयजल, जलपान और दर्शकों के बैठने हेतु उचित टेंट व कुर्सियों की व्यवस्था की जिम्मेदारी नगर मजिस्ट्रेट को सौंपी गई है। बैठक में स्टेडियम के भीतर इनडोर शूटिंग रेंज के निर्माण और ट्रैक मशीन की मांग भी प्रमुखता से उठी, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

​प्रतियोगिता को समावेशी बनाने के लिए जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने विशेष जोर दिया कि जनपद के सभी इंटर कॉलेज और डिग्री कॉलेजों के छात्र-छात्राओं की इसमें अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उनका मानना है कि इस तरह के आयोजनों से जिले के युवाओं में अनुशासन और एकाग्रता की भावना विकसित होगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रसून द्विवेदी, नगर मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर, जिला पूर्ति अधिकारी और ड्रमंड इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सहित राइफल क्लब के अन्य पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi