पीलीभीत। बहुजन समाज पार्टी नेता सुंदर लाल आर्य को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। उन पर स्वयं को पूरनपुर विधानसभा क्षेत्र का बसपा प्रत्याशी बताना महंगा पड़ गया।

बसपा जिला अध्यक्ष मुन्ना लाल कश्यप द्वारा एक आधिकारिक प्रेस नोट जारी कर बताया गया कि सुंदर लाल आर्य को अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी कार्यों के चलते उन्हें निष्कासित किया गया है। आरोपी सुंदर लाल आर्य पर फर्जी तरीके से पूरनपुर विधानसभा का प्रत्याशी बताने और संगठन के निर्देशों की अवहेलना करने का गंभीर आरोप है।

​प्रेस नोट के माध्यम से जिलाध्यक्ष मुन्ना लाल कश्यप ने अवगत कराया कि सुंदर लाल आर्य काफी समय से पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त थे और स्वयं को फर्जी तरीके से पूरनपुर विधानसभा क्षेत्र का बसपा प्रत्याशी प्रचारित कर रहे थे। अनुशासनहीनता के इन कृत्यों को लेकर उन्हें पूर्व में कई बार चेतावनी भी दी गई थी, लेकिन उनकी कार्यशैली में कोई सुधार नहीं आया। पार्टी मूवमेंट और संगठन के हितों को ध्यान में रखते हुए, जिला यूनिट ने उन्हें तत्काल प्रभाव से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।

​बसपा जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी व्यक्ति को फर्जी तरीके से पद या प्रत्याशी का नाम इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सुंदर लाल आर्य के निष्कासन के बाद अब उनका बहुजन समाज पार्टी से कोई संबंध नहीं रह गया है। इस कार्रवाई के बाद जिले की अन्य विधानसभा इकाइयों में भी अनुशासन को लेकर हलचल तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *