रुद्रपुर। देशभर में प्रश्नपत्र लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और लंबित भर्ती प्रक्रियाओं के विरोध में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के बाद उपजिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजा गया।

पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक, भर्ती परीक्षाओं के निरस्तीकरण और नियुक्तियों में देरी के कारण लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और भर्ती घोटालों से युवाओं का सरकारी संस्थाओं पर विश्वास कमजोर हुआ है। उन्होंने युवाओं के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन में प्रश्नपत्र लीक और भर्ती घोटालों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच, नकल माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई, लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने, प्रतियोगी छात्रों के लिए मानसिक स्वास्थ्य परामर्श की व्यवस्था तथा जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की गई। साथ ही युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए प्रभावी राष्ट्रीय नीति बनाने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई।

प्रदर्शन में पवन बिष्ट, प्रीति साना, ललित बिष्ट, रामसेवक कोली, दिनेश कोली, अशोक राय, इन्द्र सिंह रौतेला, शिव पद सरकार, अशोक यादव, उमा सरकार, बेबी सिकदार, प्रदीप यादव, रिक्की गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi