पीलीभीत। गन्ना पेराई सत्र के मद्देनजर किसानों को सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपजिलाधिकारी पूरनपुर अजीत प्रताप सिंह ने सोमवार को किसान सहकारी चीनी मिल का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मिल यार्ड में मौजूद किसानों से सीधे संवाद करते हुए एसडीएम ने तौल और पर्ची वितरण की स्थिति जानी, जिस पर किसानों ने वर्तमान व्यवस्था को सुचारु बताते हुए किसी भी प्रकार की समस्या न होने की बात कही।
एसडीएम अजीत प्रताप सिंह ने मिल परिसर में स्थापित बैलगाड़ी और ट्रॉली ग्रॉस कांटों का भौतिक निरीक्षण कर उनकी सटीकता जांची। उन्होंने यार्ड में अपनी बारी का इंतजार कर रहे किसानों से गन्ना पर्ची मिलने के समय और तौल प्रक्रिया में लगने वाले समय के बारे में विस्तृत पूछताछ की। मौके पर मौजूद जिला गन्ना अधिकारी खुशी राम भार्गव ने प्रशासन को अवगत कराया कि मिल द्वारा अब तक 17 लाख क्विंटल गन्ने की खरीद की जा चुकी है और 12वें पक्ष के 15वें कॉलम तक की सभी पर्चियां किसानों को जारी कर दी गई हैं।
निरीक्षण के दौरान मिल प्रबंधन द्वारा किसानों के लिए की गई सुविधाओं की भी सराहना की गई। दूर-दराज से गन्ना लेकर आने वाले किसानों के लिए ‘किसान भवन’ में तख्त और गद्दों की व्यवस्था की गई है ताकि वे अपनी बारी आने तक विश्राम कर सकें। परिसर में स्वच्छ पेयजल के लिए नलों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है। एसडीएम ने निर्देश दिए कि कड़ाके की ठंड और रात के समय किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
प्रशासन और मिल प्रबंधन ने संयुक्त रूप से किसानों से अपील की है कि वे अपनी निर्धारित पर्ची पर ही गन्ना लेकर मिल पहुंचें। विशेष रूप से इस बात का ध्यान रखने को कहा गया है कि जिस प्रजाति (वैरायटी) की पर्ची जारी हुई है, वही गन्ना लेकर आएं। ‘अगेती किस्म’ की पर्ची पर ‘सामान्य’ या ‘रिजेक्ट’ किस्म का गन्ना लाने पर मिल की रिकवरी और तौल प्रक्रिया प्रभावित होती है, इसलिए किसान सहयोग करें।
इस दौरान मुख्य अभियंता, मुख्य रसायनविद और ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक पूरनपुर सहित मिल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।