पुलभट्टा (ऊधम सिंह नगर)। जनपद के पुलभट्टा थाना अंतर्गत बरा पुलिस चौकी क्षेत्र में गौकशी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिरसा मोड़ से शक्तिफार्म मार्ग पर करीब दो किलोमीटर दूर गन्ने के खेतों के बीच इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में भारी तनाव व्याप्त हो गया है।

मौके पर पहुंचे विहिप और बजरंग दल कार्यकर्ता
गौकशी की खबर फैलते ही विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड अध्यक्ष अजय भगत के नेतृत्व में विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल से गौकशी के पुख्ता प्रमाण और अवशेष बरामद हुए हैं, जिसे देख कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा।

पुलिस ने कब्जे में लिए अवशेष, नारेबाजी जारी
सूचना मिलते ही पुलभट्टा पुलिस मौके पर पहुंची। आक्रोशित जनता और कार्यकर्ताओं के सामने ही पुलिस ने बरामद अवशेषों को एकत्र कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। इस दौरान मौके पर मौजूद भीड़ ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ और अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर जोरदार नारेबाजी की।

बड़े आंदोलन की चेतावनी
विहिप नेता अजय भगत ने पुलिस प्रशासन को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि गौकशी की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने मांग की कि इस घिनौने कृत्य में शामिल दोषियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा। वर्तमान में स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात है और जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *