​पीलीभीत। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, पीलीभीत एवं संबद्ध चिकित्सालय में जनस्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से टीबी (क्षय रोग), एनीमिया एवं संचारी रोगों की रोकथाम विषय पर एक विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। पल्मोनरी मेडिसिन और इंटरनल मेडिसिन विभागों द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस कार्यक्रम में चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, मरीजों एवं उनके परिजनों सहित लगभग 40 लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
​ जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. पीयूष कुमार जैन, डॉ. मनोज पिप्पल एवं डॉ. विनीत बंसल ने उपस्थित लोगों को टीबी, एनीमिया तथा विभिन्न संचारी रोगों के कारणों, लक्षणों और समय पर उपचार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि इन रोगों से बचाव के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा उचित चिकित्सकीय परामर्श का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। सत्र में एनीमिया की रोकथाम के लिए पोषण संबंधी उपायों और संचारी रोगों से बचाव हेतु संक्रमण नियंत्रण से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश साझा किए गए, साथ ही डॉक्टरों ने लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
​संस्थान के मीडिया प्रभारी डॉ. अरुण सिंह ने बताया कि प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा के सतत प्रयासों एवं मार्गदर्शन में इस मेडिकल कॉलेज ने बेहद कम समय में जनपदवासियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान के विभिन्न विभागों द्वारा समय-समय पर ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहते हैं, ताकि आमजन में स्वास्थ्य के प्रति चेतना बढ़े और रोगों की रोकथाम को प्रभावी रूप से बढ़ावा मिले। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों को अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *