पीलीभीत। थाना अमरिया क्षेत्र के अंतर्गत देवहा नदी के किनारे स्थित खेत में सफाई कार्य कर रहे एक युवक पर अचानक मगरमच्छ ने हमला कर दिया। इस भयानक हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे परिजनों व ग्रामीणों द्वारा तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
घटना के विवरण के अनुसार, नगरिया कॉलोनी निवासी मनोरंजन मंडल शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे देवहा नदी के पास स्थित अपने खेत में साफ-सफाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक वहां आए एक मगरमच्छ ने उन पर हमला बोल दिया। युवक की चीख-पुकार सुनकर उनके भाई मंतोष मंडल और आसपास के खेतों में काम कर रहे अन्य ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़ पड़े। सभी ने मिलकर काफी मशक्कत और सूझबूझ के साथ युवक को मगरमच्छ के चंगुल से सुरक्षित छुड़ाया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम हरकत में आ गई, जिसमें शैलेंद्र सिंह, कौशलेंद्र यादव, वनकर्मी रामऔतार और बाघमित्र अनुकूल शाना तत्काल मौके पर पहुंचे। वन विभाग के कर्मियों और ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरिया पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।