पीलीभीत। जिले की राजनीति में सोमवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। लोध किसान बिरादरी के प्रभावशाली नेता रामनरेश वर्मा ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी छोड़कर समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। उनके इस फैसले को बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में अहम बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने रामनरेश वर्मा और उनके समर्थकों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इसके बाद उन्होंने सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।

रामनरेश वर्मा को बरखेड़ा क्षेत्र में किसान समाज का प्रभावशाली नेता माना जाता है। पंचायत चुनाव में उन्होंने अपनी पत्नी मीरा देवी को जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित कराया था। वहीं, अपने छोटे भाई की पत्नी सभ्यता देवी वर्मा को निर्दलीय चुनाव जिताकर मरौरी ब्लॉक प्रमुख बनाया था, जो बाद में भाजपा में शामिल हुईं। ऐसे में उनके सपा में जाने से क्षेत्र के राजनीतिक समीकरण बदलने की चर्चा तेज हो गई है।

रामनरेश वर्मा के साथ कई जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नेताओं ने भी भाजपा छोड़कर समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। इनमें जिला पंचायत सदस्य मीरा देवी, परमेश्वरी दयाल गंगवार के साथ क्षेत्र के कई मौजूदा और पूर्व ग्राम प्रधानों तथा जनप्रतिनिधियों ने भी समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इनमें पूर्व प्रधान सुधीर पांडे (सुहास), राम औतार (पंडरी), सूरज पाल वर्मा (हटुआ बिजुलीहाई), बाबू राम वर्मा (मकतुल), कुष्मा देवी वर्मा (कन्नापुर), सेवाराम वर्मा (अज्ञारी), चंद्रसेन प्रजापति (अटकोना), राकेश वर्मा (नकटिया), सियाराम वर्मा (मानपुर हटुआ) तथा पूर्व प्रधान गोपाल (नवादिया दहला) प्रमुख रूप से शामिल रहे।

इसके अलावा गोपाल मिश्रा, मुकेश वर्मा, गंगाराम वर्मा, मुरारी लाल, सतेन्द्र कुमार गंगवार, विपिन कुमार, अशोक कुमार वर्मा, चेतना शर्मा, बालकराम सागर सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भी समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। इस सामूहिक दलबदल को क्षेत्र की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है।

सपा में शामिल होने के बाद रामनरेश वर्मा ने पार्टी की नीतियों में विश्वास जताते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र में इस दलबदल का असर आने वाले चुनावों में देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi