​पीलीभीत। शहर की पॉश कॉलोनी बल्लभनगर में बीती रात बेखौफ चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दे दी है। चोरों ने कलेक्ट्रेट के पूर्व प्रशासनिक अधिकारी स्वर्गीय गजेंद्र सिंह के बंद मकान को निशाना बनाते हुए करीब 60 लाख रुपये के जेवरात और नकदी पार कर दी। शातिराना अंदाज में वारदात को अंजाम देने वाले चोर पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर (DVR) भी साथ ले गए।


​मिली जानकारी के अनुसार, स्व. गजेंद्र सिंह के पुत्र हरीश कुमार के छोटे भाई की पत्नी बरेली के एक अस्पताल में भर्ती थीं, जहाँ उन्होंने एक बेटी को जन्म दिया। इस खुशी के मौके पर पूरा परिवार सोमवार रात करीब 12 बजे घर में ताला लगाकर बरेली गया हुआ था। इसी सूनेपन का फायदा उठाकर रात करीब 2 बजे चोर घर में दाखिल हुए। चोरों ने अलमारियों के ताले तोड़कर वहां रखे लगभग 60 लाख कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और एक लाख रुपये की नकदी समेट ली। मंगलवार सुबह जब पड़ोसियों ने मकान का दरवाजा खुला देखा, तब घटना की जानकारी हुई और परिजनों को सूचित किया गया।


​सूचना मिलते ही थाना सुनगढ़ी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची और मौका मुआयना किया। परिजनों के आने के बाद जब घर के सामान का मिलान किया गया, तो चोरी हुए माल की भारी कीमत सुनकर अधिकारी भी दंग रह गए। सुनगढ़ी कोतवाल नरेश कुमार त्यागी ने बताया कि यह एक बड़ी वारदात है और इसके खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमों को गठित कर लगाया गया है। पुलिस आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर घटना का अनावरण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *