पीलीभीत। पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बिलसंडा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए गौहनिया तिराहा, बीसलपुर रोड से जान से मारने के प्रयास के मामले में वांछित दो अभियुक्तों—राजेश कुमार (43 वर्ष) पुत्र प्यारे लाल और उनके पुत्र अनिकेत (20 वर्ष), निवासी ग्राम भीकमपुर, थाना बिलसंडा को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना का संक्षिप्त विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 11 सितंबर 2026 को पीड़ित पक्ष (वादी) की तहरीर पर धारा 124(1), 352, और 351(3) बीएनएस (मु0अ0सं0 210/2026) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। वादी के पिता रामदास जब दुकान बंद करके घर लौट रहे थे, तभी उधारी के पुराने रुपयों के लेनदेन को लेकर अभियुक्तों से विवाद व कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान अभियुक्तों ने रामदास पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी, जिससे उनका ऊपरी शरीर गंभीर रूप से झुलस गया था।
घटना के बाद से ही दोनों अभियुक्त फरार चल रहे थे। उप-निरीक्षक जितेंद्र कुमार, मुख्य आरक्षी नरेंद्र कुमार, आरक्षी राहुल कुमार और रिक्रूट आरक्षी सुमित की पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।