​पीलीभीत। क्षेत्र के ग्राम आनन्दपुर उर्फ भगवन्तापुर में पशु क्रूरता का विरोध करने पर एक ग्रामीण और उनके पुत्र के साथ मारपीट, गाली-गलौच करने तथा जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में पीड़ित पूरन सिंह पुत्र श्रीपाल सिंह ने थाना पूरनपुर में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के अनुसार, बीते 25 अप्रैल 2026 की शाम करीब 06:30 बजे जब वह अपने खेत की मेड़ पर बैठे थे, तभी ग्राम कंजाखेड़ा निवासी फारुख पुत्र मौसम और नबी पुत्र नन्हे अपने पालतू जानवरों को बेरहमी से पीटते हुए वहां से गुजर रहे थे। वादी पूरन सिंह ने जब बेजुबान पशुओं को इस तरह पीटने का विरोध किया, तो दोनों आरोपी उग्र हो गए और उन्होंने वादी व उनके पुत्र के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने पीड़ित परिवार को भद्दी-भद्दी गालियां दीं और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
​थाना पूरनपुर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर तत्परता दिखाते हुए नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 220/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 352, 351(3) और 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के अंतर्गत मामला पंजीकृत कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त फारुख को हिरासत में ले लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। वहीं, घटना में शामिल दूसरे आरोपी नबी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले में वैधानिक कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा रहा है और जल्द ही दूसरे आरोपी को भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *