सितारगंज। नयागांव में संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए सीएमओ डॉ. के.के अग्रवाल ने डीपीआरओ को पत्र लिखकर साफ-सफाई व्यवस्था करने, ब्लीचिंग पाउडर की व्यवस्था कराने को कहा है। सीएमओ ने बताया कि वायरल हेपेटाइटिस केसों में वृद्धि के चलते संक्रामक रोग फैलने का खतरा है। उन्होंने गलियों, नालियों की सफाई अभयान चलाने, ब्लीचिंग व एंटी लार्वा रसायनों का छिड़काव कराने का अनुरोध किया है। सीएमओ केके अग्रवाल ने जल संस्थान, जलनिगम, स्वजल परियोजना, जल जीवन मिशन के अधिकारियों को पत्राचार कर नयागांव में पेयजल आपूर्ति को तत्काल प्रभाव से रोककर जनसमुदाय को शुद्ध पेयजल की वैकल्पिक आपूर्ति पानी के टैंकर से क्लोरीनीकरण करने के पश्चात करने के लिए कहा है। सीएमओ के अनुसार नयागांव में दूषित पेयजल से पीलिया, हेपेटाइटिस वायरल फैलने की आशंका है। सीएमओ के अनुसार मुख्य रूप से दूषित पेयजल से रोग फैलता है।
स्वास्थ्य शिविर ना लगाने पर धरने की दी चेतावनी
सितारगंज। नयागांव में 14 वर्षीय अल्तमस की पीलिया से हुई मौत से परिवार में दुखों में पहाड़ टूटा है। अल्तमस के पिता इश्तकार अहमद ने पूर्व विधायक नारायण पाल को बताया कि उनके पुत्र के निधन के बाद से स्वास्थ्य महकमा उनके घर में जांच के लिए नहीं पहुंचा है। इश्तकार ने बताया कि उन्होंने परिवार के सभी सदस्यों के निजी लैब से जांच करायी है।
शनिवार को पूर्व विधायक नारायण पाल ने नयागांव पहुंचकर जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में करीब 50 बच्चें बीमार है। स्वास्थ्य विभाग केवल औपचारिकता कर गया है। गांव में कोई शिविर नहीं लगाया है। पूर्व विधायक नारायण पाल ने सीएमओ डॉ केके अग्रवाल से वार्ता कर स्वास्थ्य महकमे की अनदेखी पर नाराजगी जतायी। पूर्व विधायक ने स्वास्थ्य शिविर नहीं लगने पर सोमवार को धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है।