पीलीभीत। कलीनगर-माधोटांडा रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान कलीनगर निवासी 55 वर्षीय मोहम्मद शाहिद के रूप में हुई है। शाहिद दिल्ली में सिलाई (टेलरिंग) का काम करते थे और कुछ दिन पहले ही अपने घर लौटे थे। रविवार रात करीब 8 बजे वह अपनी बाइक से ससुराल पूरनपुर जाने के लिए निकले थे। जैसे ही वह कलीनगर-माधोटांडा मार्ग पर नवदिया धनेश गांव के समीप पहुंचे, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
​हादसे के बाद मोहम्मद शाहिद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर की आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने गहन जांच के बाद मोहम्मद शाहिद को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
​क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रतीक दहिया ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों की ओर से तहरीर मिलते ही उचित कानूनी कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। फिलहाल पुलिस टक्कर मारने वाली बाइक और उसके चालक की तलाश में जुटी है।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *