पश्चिम बंगाल में दक्षिणी दमदम नगर पालिका भर्ती घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व अग्निशमन एवं आपात सेवा मंत्री सुजीत बसु को कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया है। ईडी के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में नगर पालिका में विभिन्न पदों पर भर्ती के दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आई हैं।
जांच एजेंसी का आरोप है कि सुजीत बसु ने करीब 150 उम्मीदवारों की नौकरी के लिए सिफारिश की थी। ईडी को जांच के दौरान ऐसे सबूत मिले हैं, जिनसे पता चलता है कि नौकरी दिलाने के बदले कथित तौर पर फ्लैट और अन्य लाभ की मांग की गई थी। इसके अलावा एजेंसी ने बसु के बैंक खातों में बड़ी रकम जमा होने के भी प्रमाण मिलने का दावा किया है।
ईडी अधिकारियों के मुताबिक, भर्ती प्रक्रिया में वित्तीय लेन-देन और प्रभाव का इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। मामले की जांच मनी लॉन्ड्रिंग एंगल से भी की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद सुजीत बसु को आज विशेष अदालत में पेश किया जाएगा, जहां ईडी उनकी रिमांड की मांग कर सकती है।
इस कार्रवाई के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। विपक्ष ने भर्ती घोटाले को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग की है, जबकि तृणमूल कांग्रेस की ओर से अभी तक आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।