राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 3 मई को आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा को रद्द करने का बड़ा फैसला लिया है। एजेंसी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी देते हुए कहा कि विद्यार्थियों के हित और राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली पर विश्वास बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।
एनटीए के अनुसार, परीक्षा में पेपर लीक के आरोपों की व्यापक जांच के लिए केंद्र सरकार ने मामला केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंप दिया है। एजेंसी ने कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग करेगी और सीबीआई को सभी जरूरी रिकॉर्ड, दस्तावेज और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
एनटीए ने स्पष्ट किया कि यह फैसला केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय और प्रारंभिक जांच निष्कर्षों के मूल्यांकन के बाद लिया गया है।
एजेंसी ने यह भी बताया कि NEET-UG 2026 की नई परीक्षा तिथि जल्द घोषित की जाएगी। पहले से किए गए पंजीकरण, उम्मीदवारों की जानकारी और परीक्षा केंद्र यथावत रहेंगे तथा इन्हीं का उपयोग दोबारा परीक्षा में किया जाएगा। उम्मीदवारों को फिर से आवेदन करने या अतिरिक्त परीक्षा शुल्क जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी।