पीलीभीत। गुरुवार 19 फरवरी 2026 को तहसील सदर पीलीभीत के सभागार परिसर में एक दिवसीय ‘बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर’ (प्री-कैंप) का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।
शिविर के दौरान उपस्थित अधिकारियों और विशेषज्ञों ने विभिन्न महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, अम्बेडकर विशेष रोजगार योजना, पीड़ित क्षति योजना, मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, वृद्धावस्था पेंशन योजना तथा निराश्रित महिला पेंशन आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने बताया कि पात्र व्यक्ति किस प्रकार इन योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं और इसके लिए आवश्यक प्रक्रियाएं क्या हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित तहसीलदार श्रीमती अर्चि गुप्ता ने जनमानस को संबोधित करते हुए विधिक सहायता के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही शिविर में जानकारी दी गई कि आगामी 22 फरवरी 2026 को गांधी स्टेडियम सभागार, पीलीभीत में एक विशाल ‘मेगा विधिक शिविर’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें व्यापक स्तर पर जनसमस्याओं का निस्तारण और योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर पी.एल.बी. पंकज माथुर, पी.एल.बी. मनोज कुमार, रंजना सक्सेना और ज्योति सिंह सहित तहसील स्टाफ और बड़ी संख्या में ग्रामीण व क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।