रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज जेसीज पब्लिक स्कूल में पहुंचे। जहां युवा विद्यार्थी मंथन पर उन्होंने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। सीएम धामी का काफिला जैसे ही जेपीएस पब्लिक स्कूल पहुंचा तो सैकड़ो की संख्या में स्कूली बच्चों ने उनका अभिवादन किया। धामी ने भी किसी बच्चे को निराश नहीं किया और उन्होंने सभी से हाथ मिलाते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया। युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आज के युवा हर क्षेत्र में अपनी छाप छोड़ रहे हैं। चाहे वह विज्ञान, इंजीनियरिंग, शिक्षा, व्यवसाय, पत्रकारिता अथवा कोई भी ऐसा फील्ड हो जिसमें युवा अपनी पहचान नहीं बना रहे। स्कूली बच्चों से बात करते हुए जब उन्होंने क्षेत्र के तमाम फील्ड के बारे में बच्चों से पूछा तो हर बच्चा इंजीनियर डॉक्टर वैज्ञानिक पत्रकार अथवा व्यवसाय में अपना नाम करना चाहता है लेकिन जब धामी ने यह पूछ लिया की नेतागिरी के क्षेत्र में कितने बच्चे आना चाहते हैं तो सैकड़ो की संख्या में वहां मौजूद मात्र 7 या 8 ही बच्चों ने अपना हाथ उठाकर इसकी सहमति दी। जिस पर धामी भी मुस्कुराने के अलावा कुछ कर नहीं सके। उन्होंने कहा कि नेतागिरी राजनीति नहीं होती यह एक लीडरशिप होती है जो किसी भी क्षेत्र में की जा सकती है । इस दौरान विधायक शिव अरोड़ा,पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, मेयर विकास शर्मा, जिला अध्यक्ष कमल जिंदल, विद्यालय के प्रबंधक सुरजीत ग्रोवर समेत तमाम लोग मौजूद थे।