लातेहार, झारखंड। झारखंड पुलिस ने नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। लातेहार जिले के पकरूआ वन क्षेत्र से प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन TSPC के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।
इनामी नक्सली गिरफ्तारः
पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को मिली विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर यह छापामार अभियान चलाया गया। गिरफ्तार माओवाादियों में से एक पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार, यह इनामी अपराधी लातेहार सहित कई पड़ोसी जिलों में व्यापारियों से रंगदारी वसूलने और गोलीबारी की कई घटनाओं में मुख्य आरोपी था।
हथियारों का जखीरा बरामदः
तलाशी के दौरान गिरफ्तार नक्सलियों के कब्जे से दो पिस्तौल, 35 जिंदा कारतूस और बड़ी संख्या में उग्रवादी पर्चे बरामद किए गए हैं। इन पर्चों का इस्तेमाल क्षेत्र में दहशत फैलाने और लेवी मांगने के लिए किया जाता था।
एसपी कुमार गौरव का बयानः
एसपी ने बताया कि यह गिरफ्तारी नक्सलियों की कमर तोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस अब इन आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि संगठन के अन्य ठिकानों और नेटवर्क का पता लगाया जा सके। क्षेत्र में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।