सितारगंज। सितारगंज-नकुलिया मार्ग पर स्थित क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत के चलते अगले चार दिनों तक इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। लोक निर्माण विभाग ने सुरक्षा के मद्देनजर मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर ट्रैफिक को चौमेला होते हुए डायवर्ट किया है।
रविवार को लोक निर्माण विभाग के अपर सहायक अभियंता सत्यपाल सिंह ने बताया कि चिंतीमजरा के आगे स्थित पुलिया काफी समय से क्षतिग्रस्त थी। लगातार भारी वाहनों की आवाजाही और हालिया बरसात के कारण पुलिया की स्थिति और अधिक खराब हो गई थी। जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई थी। इसी को देखते हुए विभाग ने मरम्मत कार्य शुरू करा दिया है।
उन्होंने बताया कि पुलिया की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द यातायात बहाल किया जा सके। विभाग की ओर से मौके पर बैरिकेडिंग और दिशा सूचक संकेतक भी लगाए गए हैं।
इधर, मार्ग बंद होने से नकुलिया, चिंतीमजरा, चौमेला और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को फिलहाल वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेना पड़ेगा। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वह निर्धारित डायवर्जन मार्ग का ही प्रयोग करें और निर्माण स्थल के आसपास सावधानी बरतें।