रुद्रपुर। उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल का सोमवार दोपहर रुद्रपुर पहुंचने पर ग्राम बगवाड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया। कांग्रेस नेता विक्रमजीत सिंह विर्क के आवास पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की तथा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर एकजुट होकर मैदान में उतरने का आह्वान किया।

पत्रकारों से बातचीत में गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार तथा बदहाल स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्थाओं से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोलियम उत्पादों की बचत संबंधी अपील का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा केवल दिखावटी राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि जनहित में ईंधन की बचत आवश्यक है, लेकिन भाजपा के मंत्री स्वयं इलेक्ट्रिक वाहनों में यात्रा करते हुए प्रचार के लिए कई अन्य वाहनों का काफिला साथ रखते हैं, जो केवल दिखावा है।

कांग्रेस में अंदरूनी विवाद की चर्चाओं को खारिज करते हुए गोदियाल ने कहा कि पार्टी में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन इसे विवाद नहीं कहा जा सकता। उन्होंने दावा किया कि वास्तविक विवाद सरकार और गदरपुर विधायक के बीच चल रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक को संविधान द्वारा मौलिक अधिकार दिए गए हैं और किसी भी प्रकार का उत्पीड़न या अधिकारों का हनन स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की स्थिति कमजोर हुई है तथा कांग्रेस शासनकाल की तुलना में आज पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम कहीं अधिक हैं, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा है।

गोदियाल ने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उत्तराखंड में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। कार्यक्रम के दौरान तिलकराज बेहड़, राजकुमार ठुकराल, ममता रानी, विक्रमजीत सिंह विर्क और संजय जुनेजा सहित कई कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का सम्मान करते हुए उन्हें स्मृति स्वरूप तलवार भेंट की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *