​दियोरिया कला PILIBHIT। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बुहिता में गुरुवार शाम को संदिग्ध परिस्थितियों में एक 19 वर्षीय नवविवाहिता ने अपने मायके में कमरे के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की भनक लगते ही दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई और कोहराम छा गया। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और विधिक कार्यवाही करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
​प्राप्त विवरण के अनुसार, ग्राम बुहिता निवासी डोरीलाल (दलित परिवार) की 19 वर्षीय पुत्री चित्रा की शादी बीते मार्च माह में ही बरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम कल्याणपुर में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद वह अभी चार दिन पहले ही अपनी ससुराल से मायके आई हुई थी। गुरुवार की शाम उसने कमरे के भीतर अपने दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली, जिससे उसकी जीवनलीला समाप्त हो गई। बताया जा रहा है कि डोरीलाल के कुल आठ बच्चे (पांच लड़कियां और तीन लड़के) हैं, जिनमें चित्रा तीसरे नंबर पर थी। जवान बेटी की इस आत्मघाती कदम से माँ सुशीला देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के ससुराल पक्ष के लोग भी आनन-फानन में बुहिता गाँव पहुँच गए।
​इस दुखद घटना के संबंध में दियोरिया कला थानाध्यक्ष गौतम सिंह ने बताया कि बुहिता गाँव में गुरुवार शाम को एक नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुँचकर शव को फंदे से उतारा और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi