रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद एक युवक ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को जिला चिकित्सालय भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर-5 अरविंद नगर निवासी 27 वर्षीय जितेंद्र पुत्र रूपराम अपनी पत्नी और सात माह की बेटी के साथ रहता था। वह सिडकुल की एक कंपनी में मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था और आए दिन दोनों के बीच कहासुनी होती रहती थी।

मंगलवार को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद वार्ड पार्षद ने मौके पर पहुंचकर दोनों को समझाया था। बुधवार सुबह एक बार फिर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इसके बाद जितेंद्र ने अपनी पत्नी को कमरे से बाहर निकाल दिया और खुद अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।

काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर स्थानीय लोगों ने उसके भाई राजकुमार को सूचना दी। इसके बाद लोगों ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो जितेंद्र फंदे से लटका मिला। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद से मृतक की पत्नी घर से गायब है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *