माधोटांडा (पीलीभीत)। माधोटांडा थाना क्षेत्र में गौवंश के साथ क्रूरता का मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। बरुआ फजलागंज गांव में दो युवकों द्वारा एक गाय को बेरहमी से पीटने और बाद में पुलिया से नीचे पानी में फेंकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही लोगों में आक्रोश फैल गया और हिंदू संगठनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग शुरू कर दी।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दो युवक लाठी-डंडों से गाय पर लगातार हमला कर रहे हैं। गाय दर्द से तड़पती रही, लेकिन आरोपियों ने कोई रहम नहीं किया। मारपीट के बाद उन्होंने गाय को घसीटते हुए पुलिया के ऊपर ले जाकर नीचे पानी में धकेल दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल (पूरनपुर इकाई) के पदाधिकारी व कार्यकर्ता माधोटांडा थाने पहुंच गए। संगठन के लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए थाने का घेराव किया और नामजद आरोपियों के विरुद्ध लिखित शिकायत दर्ज कराई।
संगठन पदाधिकारियों ने इस घटना को न केवल कानून व्यवस्था से जुड़ा अपराध बताया, बल्कि इसे करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं पर सीधा हमला करार दिया। इस दौरान ठाकुर शिवम सिंह भदौरिया, ठाकुर बृजेश सिंह तोमर, दीप मौर्य, आकाश पांडे, देवांश चौहान समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी है। थाना अध्यक्ष अशोक पाल ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *