पीलीभीत। ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज की ८१ दिवसीय ‘गौ रक्षा धर्म यात्रा’ (गोविष्टि यात्रा) के बुधवार को पीलीभीत पहुंचने पर श्रद्धालुओं और हिंदू संगठनों ने उनका भव्य स्वागत किया। पूरनपुर, गजरौला कलां और जमुनियां गांव होते हुए यात्रा जब पीलीभीत शहर पहुंची, तो दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। गजरौला कलां स्थित गुरुद्वारे पर प्रधान संघ अध्यक्ष रामसनेही वर्मा ने हजारों कार्यकर्ताओं के साथ पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। वहीं, पीलीभीत शहर में गोहानिया रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित केके पुरम में राजीव अग्रवाल द्वारा आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शंकराचार्य ने हजारों संतों, हिंदू संगठनों और स्थानीय निवासियों को गौ रक्षा का संकल्प दिलाया।
गाय और सनातन के नाम पर राजनीति बंद करे सरकार
शंकराचार्य ने पीलीभीत तथा पूरनपुर के एक होटल और पीलीभीत के कार्यक्रमों में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदू का पहला धर्म गौ रक्षा है और गाय को मात्र पशु कहना पाप है। उन्होंने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि गाय और सनातन के नाम पर राजनीति बंद होनी चाहिए। केवल गाय को गुड़-रोटी खिलाने या बदहाल गौशालाएं संचालित करने से कोई गौ भक्त नहीं बन जाता। उन्होंने मांग की कि सरकार गाय को पशु की श्रेणी से हटाकर ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा दे। शंकराचार्य ने इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि सिखों के दसवें गुरु ने भी गौ रक्षा के लिए संघर्ष किया था, इसलिए आज जब विभिन्न समुदाय भी इसकी मांग कर रहे हैं, तो सरकार को इस पर तुरंत निर्णय लेना चाहिए।

राम मंदिर चंदा चोरी और मथुरा विवाद पर तीखे सवाल
मीडिया से बातचीत के दौरान शंकराचार्य ने राम मंदिर के चढ़ावे और चंदे को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने एसआईटी (SIT) जांच का जिक्र करते हुए राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष को निशाने पर लिया और आरोप लगाया कि चंदा चोरी के लिए ट्रस्ट बनाया गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “ये झूठे लोग अब अयोध्या में फंस गए हैं, तो मथुरा का दांव खेल रहे हैं। लेकिन इन्हें यह नहीं पता कि मथुरा में जन्मे श्रीकृष्ण स्वयं ऐसे चोरों से कई बार खेल चुके हैं।”
चुनाव में ‘गौ माता’ को मुद्दा बनाने की अपील
शंकराचार्य ने खुद को किसी राजनीतिक दल से दूर बताते हुए सभी पार्टियों को खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि हम वोट बैंक पैदा कर रहे हैं और यही वोट देश का भाग्य निर्माण करेगा। आगामी चुनावों के लिए उन्होंने जनता से अपील की कि जो पार्टी या उम्मीदवार गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने की प्रतिबद्धता व्यक्त करेगा, सत्ता में उसी को लेकर आएंगे। उन्होंने भाजपा का जिक्र करते हुए कहा कि उसमें तीन तरह के लोग हैं—एक भाग वह है जो हिंदू धर्म की रक्षा की सोच के साथ जुड़ा है, तो दूसरा उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक जैसे नेताओं का है, जिन्होंने कहीं से बटुक लाकर, उनका सम्मान कर सिर्फ तस्वीरें खिंचवाईं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो गौ माता को वास्तविक सम्मान दिलाएगा, वे उसी के साथ खड़े रहेंगे।
क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने किया स्वागत
इस धार्मिक यात्रा और स्वागत कार्यक्रमों में क्षेत्र के कई प्रमुख लोग और जनप्रनिधि शामिल हुए। जमुनियां और पूरनपुर के कार्यक्रमों में आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अमित मिश्रा, निवर्तमान प्रधान (आसपुर) रामगोपाल, अधिवक्ता विनोद वर्मा, इंद्रजीत वर्मा, आसेराम, कृपाल सिंह, हरिओम, शक्ति सिंह संजय और अभय समेत सैकड़ों की संख्या में ग्रामवासी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।