देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून अस्तपाल पहुंचकर क्वानू-मीनस मोटर मार्ग दुर्घटना में घायलों का हाल जाना और उनके परिजनों से बातचीत की। सीएम ने उन्हें पूर्ण इलाज कराने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि सरकार उनके साथ है।

घायलों व उनके परिजनों से की मुलाकात

मुख्यमंत्री धामी ने दून अस्पताल में भर्ती घायलों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जानने के साथ ही उनके परिजनों से भी मुलाकात की। उन्हें विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार द्वारा उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी तथा सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

चिकित्सकों को दिए निर्देश

सीएम धामी ने घायलों का हाल जानने के बाद चिकित्सकों से उपचार की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सकीय टीम को सभी घायलों को सर्वोत्तम एवं त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

एसडीएम विकासनगर से की फोन पर बात

मुख्यमंत्री ने विकासनगर के उप जिला चिकित्साधिकारी से दूरभाष पर विकासनगर में उपचाराधीन दुर्घटना के घायलों को भी समुचित एवं संवेदनशील चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

हिमाचल सरकार को किया आश्वस्त

मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश सरकार को भी आश्वस्त किया कि उत्तराखंड में उपचाराधीन हिमाचल के सभी घायल यात्रियों का समुचित एवं निःशुल्क उपचार राज्य सरकार द्वारा सुनिश्चित किया जा रहा है।

दिवंगत लोगों के प्रति जताई गहरी संवेदना

मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *